नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है, जिसने निवेशकों और खरीदारों दोनों को चौंका दिया है। शुक्रवार को बाजार खुलते ही 24 कैरेट सोना 1,600 रुपए से ज्यादा चढ़कर 99,058 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जबकि चांदी ने 1.06 लाख रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को जहां 24 कैरेट सोना 97,455 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, वहीं शुक्रवार को इसमें 1,603 रुपए की तेजी दर्ज की गई। इसी तरह 22 कैरेट सोना 89,269 रुपए से बढ़कर 90,737 रुपए और 18 कैरेट सोना 73,091 रुपए से बढ़कर 74,294 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
चांदी की कीमत भी पीछे नहीं रही। बीते 24 घंटे में इसमें 669 रुपए की बढ़त दर्ज की गई और यह 1,06,167 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई। गुरुवार को यह 1,05,498 रुपए पर थी।
कीमतों में इस तेजी के पीछे कई वैश्विक कारण हैं। कामा ज्वेलरी के मैनेजिंग डायरेक्टर कॉलिन शाह का कहना है कि मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों और भारतीय रुपये में गिरावट के चलते सोने की कीमतें अब तक के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंचने की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आने वाले दिनों में कीमतों में कुछ रुकावटें आ सकती हैं, लेकिन एमसीएक्स पर सोना 1,00,200 से 1,00,500 रुपए प्रति 10 ग्राम के दायरे में रह सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी चमक रहे हैं। सोना इस समय 1.62% की उछाल के साथ 3,457.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी 0.10% की तेजी के साथ 36.31 डॉलर प्रति औंस पर है।
अगर इस साल की शुरुआत से तुलना करें, तो 1 जनवरी से अब तक 24 कैरेट सोना 30% यानी 22,896 रुपए महंगा हुआ है, जो पहले 76,162 रुपए था। वहीं, चांदी में भी 23.42% यानी 20,150 रुपए का उछाल आया है, जो जनवरी में 86,017 रुपए प्रति किलो थी।
सोने-चांदी की इस ऐतिहासिक तेजी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अनिश्चितताओं के दौर में ये दोनों धातुएं निवेश के सबसे सुरक्षित विकल्प बने हुए हैं।