नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत में अब सुधार है। उन्हें रविवार देर रात पेट की तकलीफ के चलते दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वे अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में विशेषज्ञों की निगरानी में हैं और हालत स्थिर बनी हुई है।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि 78 वर्षीय सोनिया गांधी को रात 9 बजे भर्ती किया गया था। चिकित्सकों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
गौरतलब है कि यह इस महीने दूसरी बार है जब सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इससे पहले 7 जून को शिमला में स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में उनकी एमआरआई की गई थी। तब उन्होंने बेचैनी की शिकायत की थी, और डॉक्टरों ने उनका ब्लड प्रेशर हल्का बढ़ा हुआ पाया था। हालांकि स्थिति सामान्य रही।
आईजीएमसी के डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत में कोई गंभीर दिक्कत नहीं थी, बल्कि यह एक नियमित जांच थी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सोनिया गांधी की तबीयत का संज्ञान लेते हुए अपनी ऊना यात्रा बीच में ही छोड़कर शिमला का रुख किया था।
सोनिया गांधी की सेहत को लेकर पहले भी पेट से जुड़ी समस्याएं सामने आती रही हैं। फरवरी में भी उन्हें सर गंगा राम अस्पताल में एक दिन के लिए भर्ती कराया गया था। वहीं, सितंबर 2022 में वे अमेरिका में मेडिकल चेकअप के लिए गई थीं, जहां राहुल गांधी उनके साथ थे। उस वक्त उन्हें संसद के मानसून सत्र से दूरी बनानी पड़ी थी।
फिलहाल पार्टी और अस्पताल दोनों की ओर से यह साफ किया गया है कि सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल सकती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता तो बनी हुई है, लेकिन राहत की बात है कि वे चिकित्सकीय देखरेख में सुरक्षित हैं।