वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया पर लगे पुराने और कड़े प्रतिबंधों को हटाते हुए एक ऐतिहासिक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। इस फैसले के जरिए ट्रंप प्रशासन ने सीरिया में शांति और स्थिरता को समर्थन देने का संकेत दिया है, हालांकि राष्ट्रपति बशर अल-असद और उनकी सरकार पर लगे प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे।
व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर साझा की गई एक फैक्ट शीट के मुताबिक, इस आदेश के तहत कुछ वस्तुओं के निर्यात पर नियंत्रण में ढील दी गई है, वहीं सीरिया को दी जाने वाली कुछ विदेशी सहायता पर से भी प्रतिबंध हटाए गए हैं।
नए आदेश के तहत अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर सीरिया में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबंधों में राहत के संभावित रास्ते तलाशें।
गौरतलब है कि अमेरिका ने 1979 में सीरिया को ‘आतंकवाद का समर्थन करने वाला देश’ घोषित किया था। इसके बाद 2004 और 2011 में कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए गए, जिनका असर सीरियाई अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों पर पड़ा। लेकिन अब ट्रंप के इस फैसले को एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
सऊदी अरब के रियाद में 13 मई को हुए एक निवेश सम्मेलन में ट्रंप ने पहले ही संकेत दे दिया था कि वे सीरिया पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की योजना बना रहे हैं। अब उन्होंने उस वादे को कार्यान्वित कर दिया है।



