लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में आयोजित प्रेस वार्ता में अपनी सरकार की विकास उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान “एक झलक” रिपोर्ट कार्ड डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई और एक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और 25 करोड़ प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयास से उत्तर प्रदेश आज ‘श्रम शक्ति पुंज से अर्थ शक्ति पुंज’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल चुकी है। सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और सनातन संस्कृति के क्षेत्र में मिली नई पहचान को न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरा देश महसूस कर रहा है। एक समय बीमारू राज्य की श्रेणी में गिना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इस आठ वर्षीय विकास यात्रा की बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने हर क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किए हैं। इसी क्रम में 25 से 27 मार्च तक प्रत्येक जिला मुख्यालय पर ‘विकास उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किसानों, युवाओं, महिलाओं, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विकास यात्रा को जनता के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है और उत्तर प्रदेश, जो वर्तमान में देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जल्द ही पहले स्थान पर होगा। आठ साल पहले प्रदेश में किसान आत्महत्याएं, युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं और व्यापारियों की असुरक्षा, दंगे और अराजकता जैसी समस्याएं आम थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार ने इन चुनौतियों को दूर कर प्रदेश की छवि बदल दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 36,000 करोड़ रुपये की लागत से लघु एवं सीमांत किसानों की कर्जमाफी की गई। वर्ष 2017 से अब तक 2.80 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया, जो पिछली सरकारों के 22 वर्षों के भुगतान से 60,000 करोड़ रुपये अधिक है। एथेनॉल उत्पादन भी 42 करोड़ लीटर से बढ़कर 177 करोड़ लीटर तक पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश अब देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।