सिवान में पीएम मोदी की रैली बनी जनसैलाब का ‘महाकुंभ’, एनडीए नेताओं ने बताया ऐतिहासिक पल

सिवान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिवान यात्रा शुक्रवार को एक ऐतिहासिक जनसभा में तब्दील हो गई, जिसे एनडीए नेताओं ने ‘महाकुंभ’ की संज्ञा दी। रैली स्थल पर उमड़े जनसैलाब ने बिहार की सियासी सरगर्मी को नया उफान दे दिया। सिवान, बक्सर, छपरा और पटना से लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा इलाका मोदीमय नजर आया।

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल इस नज़ारे से अभिभूत दिखे। उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन में इतनी भीड़ कभी नहीं देखी। पटना से आया हूं, और रास्ते में पैदल चल रहे लोगों की कतारें 12 किलोमीटर लंबी थीं। यह दृश्य अविश्वसनीय है। यह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति लोगों का गहरा स्नेह और आस्था है। पूरा माहौल किसी भव्य महाकुंभ की तरह है।”

भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने रैली को “सिर्फ सभा नहीं, बल्कि एक विराट जनसमूह” बताया। उन्होंने कहा, “जितने किसान, उतने ही मजदूर, माताएं, बहनें, युवा और व्यापारी—हर वर्ग के लोग आए हैं। जसौली मानो आज प्रयागराज बन गया हो।”

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, “यह प्रधानमंत्री का पहला बिहार दौरा नहीं है। वे 50 से अधिक बार बिहार आ चुके हैं और हर बार राज्य के लिए कुछ नया लेकर आते हैं। इस बार भी उन्होंने बिहार और पूर्वोत्तर को बड़ी सौगात दी है।”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को एक बार फिर से सौगातों की झड़ी दी है। वह लगातार बिहार के विकास के लिए समर्पित हैं।”

बिहार सरकार में मंत्री सुनील कुमार ने भी रैली को लेकर उत्साह जताते हुए कहा, “जहां भी प्रधानमंत्री मोदी जाते हैं, वहां भीड़ उमड़ पड़ती है। यह उनके प्रति जनता के विश्वास का प्रमाण है।”

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा, “सिवान में प्रधानमंत्री का आना हमारे लिए गर्व का विषय है। यहां जुटी विशाल भीड़ इस बात का प्रमाण है कि मोदी जी देश ही नहीं, इस क्षेत्र में भी कितने लोकप्रिय हैं।”

यह रैली ना सिर्फ सियासी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रही, बल्कि यह जनसमर्थन का ऐसा ज्वार बन गई जिसे सिवान लंबे समय तक याद रखेगा।

PM MODI

‘पंजा-लालटेन’ की जकड़ ने बिहार को पलायन की पहचान बना दिया था : सिवान में गरजे पीएम मोदी

छत्तीसगढ़: कांकेर के जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों की भीषण मुठभेड़, महिला नक्सली ढेर!