नई दिल्ली। विपक्ष द्वारा ऑपरेशन ‘सिंदूर’ और उससे जुड़े घटनाक्रमों को लेकर संसद में विशेष सत्र बुलाने की जोरदार मांग के बीच सरकार ने बड़ी घोषणा की है। आगामी मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की संसदीय मामलों की समिति की बैठक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें इस सत्र की तारीखों को अंतिम रूप दिया गया। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बुधवार को पत्रकारों को इस फैसले से अवगत कराया।
इससे पहले विपक्षी गठबंधन ने प्रधानमंत्री को एक पत्र भी भेजा था, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ पर चर्चा के लिए विशेष संसद सत्र बुलाने की मांग की थी। लेकिन आज की घोषणा से साफ हो गया है कि सरकार इस मुद्दे पर कोई विशेष सत्र आयोजित नहीं करेगी।
किरण रिजिजू ने यह भी कहा कि संसदीय नियमों के तहत मानसून सत्र के दौरान सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है, जिससे विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलेगा।
यह राजनीतिक तनातनी के बीच होने वाला मानसून सत्र देश की नीतियों और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर बड़ा मंच साबित हो सकता है। क्या विपक्ष अपनी मांगों को संसद के इस सत्र में जोर-शोर से उठाएगा? यह आने वाला समय ही बताएगा।



