कोलंबो। श्रीलंका में अंडरवर्ल्ड के अपराधियों और ड्रग तस्करों के बीच जारी वर्चस्व की खतरनाक लड़ाई ने एक और जान ले ली। माउंट लाविनिया में आज सुबह एक युवक को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना कोलंबो-गैल रोड पर हुई, जहां मोटरसाइकिल पर सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने 19 वर्षीय युवक पर गोलियां बरसाईं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर युवक का पीछा करते हुए खुलेआम गोलीबारी करते हैं, जबकि सड़क पर लोग खड़े रहते हैं।
पुलिस के मुताबिक, घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। यह वारदात अंडरवर्ल्ड से जुड़े अपराधियों के बीच संघर्ष की निशानी है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और इस गोलीबारी के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है।
इस साल अब तक श्रीलंका में संगठित अपराध से जुड़ी 42 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें 28 लोग मारे गए हैं और 23 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से अधिकांश हत्याएं अंडरवर्ल्ड गिरोहों के बीच शार्प वर्चस्व की जंग का हिस्सा हैं।
पुलिस ने यह भी बताया कि 2025 में गोलीबारी की घटनाओं के सिलसिले में अब तक 94 संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही, विदेशों में छुपे अंडरवर्ल्ड के 20 अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है।



