नई दिल्ली: आज शेयर बाजार की शुरुआत एक अस्थिर माहौल के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में थोड़ी तेजी देखने को मिली, लेकिन कुछ ही देर बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिससे प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में चले गए। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स लगभग 0.22% और निफ्टी 0.20% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बाजार की इस उतार-चढ़ाव की स्थिति में कुछ बड़े शेयरों ने मजबूती दिखाई। जियो फाइनेंशियल, इंफोसिस, डॉक्टर रेड्डीज़, एचडीएफसी लाइफ और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 0.45% से 1.10% तक की बढ़त पर बने हुए थे। वहीं दूसरी ओर, आईटीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और टाइटन के शेयरों में 0.92% से 3.52% तक गिरावट दर्ज हुई।
सुबह 10 बजे तक कुल 2,364 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 1,416 शेयर हरे निशान में जबकि 948 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 10 ने तेजी दिखाई, जबकि 20 शेयर बिकवाली के दबाव में थे। निफ्टी के 50 शेयरों में से केवल 16 शेयर हरे निशान में थे, बाकी 34 शेयर गिरावट में थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 81,457.61 के स्तर पर खुला। शुरुआती खरीदारी से यह 81,613.36 तक उछला, लेकिन उसके बाद बाजार में दबाव बढ़ने लगा और यह फिर से गिरावट में आ गया। नतीजतन, सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 179.98 अंक गिरकर 81,371.65 पर कारोबार कर रहा था।
वहीं निफ्टी ने मामूली मजबूती के साथ 24,832.50 के स्तर से कारोबार शुरू किया, पर जल्दी ही बिकवाली ने पकड़ बनाते हुए इसे 24,743.05 तक नीचे खींच लिया। अंततः निफ्टी सुबह 10 बजे तक 49.15 अंक की गिरावट के साथ 24,777.05 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 624.82 अंक यानी 0.76% की गिरावट के साथ 81,551.63 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 174.95 अंक यानी 0.70% टूटकर 24,826.20 अंक पर बंद हुआ था।
