नई दिल्ली। आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि यह दिन हमें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सभी नागरिकों को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में अनेक पहल की हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से विश्व के लिए प्रभावी स्वास्थ्य समाधान तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों की निष्ठा और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें देश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताया।
विश्व स्वास्थ्य दिवस क्यों मनाया जाता है
हर साल 7 अप्रैल को पूरी दुनिया में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व को उजागर करना है। बदलती जीवनशैली और बढ़ते मानसिक तनाव के इस दौर में इस दिन की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। यह दिन वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों की ओर सरकारों और संगठनों का ध्यान आकर्षित करने का एक अहम अवसर प्रदान करता है।