विशाखापट्टनम में भारत-अमेरिका संयुक्त जल-थल अभ्यास ‘टाइगर ट्रायम्फ’ शुरू

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संयुक्त जल-थल अभ्यास ‘टाइगर ट्रायम्फ’ विशाखापट्टनम में शुरू हो गया है। उद्घाटन समारोह भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस जलाश्व पर आयोजित किया गया। यह अभ्यास दोनों देशों के सामरिक समुद्री हितों और रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य आपदा राहत एवं बचाव अभियानों में सहयोग बढ़ाना और विभिन्न सैन्य क्षेत्रों में संयुक्त संचालन को मजबूत करना है।

अभ्यास के चरण:

  • बंदरगाह चरण (07 अप्रैल तक) – इस दौरान सैन्य प्रशिक्षण, आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया, साइबर, वायु, समुद्री और अंतरिक्ष क्षेत्रों में युद्धाभ्यास किया जाएगा। इसके अलावा खेल गतिविधियों और सांस्कृतिक पर्यटन का आयोजन भी होगा।
  • समुद्री चरण (08-12 अप्रैल) – यह काकीनाडा में जल-स्थलीय लैंडिंग के साथ शुरू होगा और बाद में संयुक्त मानवीय राहत व चिकित्सा प्रतिक्रिया शिविर की स्थापना के साथ संपन्न होगा।

भारतीय सेनाओं की भागीदारी:
भारतीय नौसेना की ओर से आईएनएस जलाश्व, आईएनएस मुंबई, आईएनएस शक्ति, पी-8आई समुद्री टोही विमान, एमएच-60आर हेलीकॉप्टर और हॉक विमान सहित कई अन्य जहाज और उपकरण इस अभ्यास में शामिल होंगे। भारतीय सेना की ओर से एक इन्फैंट्री बटालियन समूह के साथ मैकेनाइज्ड फोर्सेस और विशेष कार्रवाई बल भाग लेंगे। भारतीय वायुसेना सी-130 और एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेगी।

अमेरिकी सैन्य भागीदारी:
अमेरिका की ओर से यूएसएस कॉमस्टॉक (एलएसडी 45) डॉक लैंडिंग शिप, यूएसएस राल्फ जॉनसन गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक, पी-8ए पोसाइडन विमान, 11वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट और लाइट आर्मर्ड रिकोनैसेंस बटालियन भाग ले रहे हैं। अमेरिकी सेना के मेडिकल प्लाटून, सिविल-सैन्य संचालन केंद्र और मल्टी-डोमेन टास्क फोर्स भी इस अभ्यास में शामिल होंगे।

यह संयुक्त अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा, जिससे आपदा प्रबंधन और रक्षा क्षमताओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

जामनगर में जगुआर फाइटर जेट हादसे की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश

वक्फ संशोधन बिल को कोर्ट में चुनौती देगा ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड: मौलाना खालिद