विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सिंहाचलम स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में चंदनोत्सवम जैसे भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान एक नव-निर्मित दीवार अचानक गिर गई, जिससे कम से कम आठ श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस वार्षिक उत्सव के दौरान हजारों की संख्या में भक्त भगवान नरसिम्हा के दिव्य दर्शन के लिए मंदिर परिसर में उमड़े थे। बताया जा रहा है कि हादसा तड़के करीब ढाई बजे उस वक्त हुआ, जब श्रद्धालु मंदिर की ओर जाने वाले घाट रोड पर कतार में खड़े थे। इस बीच एक अस्थायी संरचना का करीब 20 फीट लंबा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल ले जाते वक्त एक और घायल ने दम तोड़ दिया। राहत कार्य में SDRF और NDRF की टीमों ने तत्परता दिखाई, घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
राज्य की गृह एवं आपदा प्रबंधन मंत्री वांगलापुडी अनिता ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे को “बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। बताया जा रहा है कि इलाके में हो रही भारी बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए थे।
इस दर्दनाक हादसे ने चंदनोत्सवम की श्रद्धा और भक्ति के माहौल को शोक में बदल दिया है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।



