अहमदाबाद। एयर इंडिया विमान हादसे में दुखद रूप से जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। डीएनए मिलान के बाद उनका तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर अहमदाबाद सिविल अस्पताल से उनके परिजनों को सौंपा गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की रस्म पूरी की गई।
विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी और पुत्र ऋषभ रूपाणी ने भारी मन से शवगृह में अंतिम दर्शन किए। सिविल अस्पताल परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ परिजनों को सौंपा गया। प्रदेश सरकार ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व, नैतिक मूल्यों और जनसेवा को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
गुजरात के मंत्री रुशिकेश पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी समेत कई गणमान्य नेताओं ने भी रूपाणी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनकी अंतिम यात्रा आज राजकोट में निकाली जाएगी, जिसके बाद शाम 5 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विजय रूपाणी के बेटे ऋषभ ने भावुक होकर कहा, “यह सिर्फ हमारे नहीं, बल्कि 270 परिवारों के लिए अपार दुख का समय है। हम सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और भगवान से उनके मोक्ष की प्रार्थना करते हैं। राहत और बचाव कार्यों में जुटे सभी कर्मवीरों को रूपाणी परिवार की ओर से धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भी दिल से आभार।”
राजकोट डीसीपी क्राइम पार्थराज सिंह गोहिल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की अंतिम यात्रा के मद्देनज़र वीआईपी मूवमेंट के चलते शहर के कई मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
राज्य और देश को दिशा देने वाले नेता को आज अंतिम विदाई दी जा रही है, लेकिन उनके कार्य और योगदान जनता के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।