विक्रमोत्सव के शुभारंभ के लिए राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आमंत्रण

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी 30 मार्च को गुड़ी पड़वा के दिन प्रारंभ होने वाले विक्रमोत्सव के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया। जनसम्पर्क अधिकारी संजय सक्सेना ने देर शाम इस जानकारी को साझा किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रपति को अवगत कराया कि गुड़ी पड़वा विक्रम संवत के नववर्ष का प्रतीक है, जिसे मध्य प्रदेश में पारंपरिक रूप से मनाया जाता है। उन्होंने उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य के शासनकाल की चर्चा करते हुए बताया कि उनके शासन को न्याय, पराक्रम और सुशासन के लिए जाना जाता है। उनके मंत्रिमंडल को सिंहासन बत्तीसी के रूप में प्रसिद्धि प्राप्त है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 12, 13 और 14 अप्रैल को नई दिल्ली में विक्रमोत्सव का आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को सम्राट विक्रमादित्य के सिद्धांतों से परिचित कराना है। इसी दिन से प्रदेश में जल गंगा अभियान भी शुरू किया जाएगा, जो तीन महीने तक चलेगा। साथ ही, विक्रम विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का भी आयोजन होगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री का आमंत्रण स्वीकार किया और अपनी उपलब्धता के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी भेंट की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ एमओयू के तहत दुग्ध उत्पादन को 9% से बढ़ाकर 20% तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है, जिससे प्रदेश के छोटे और मझोले किसान भी लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह को मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए अप्रैल के पहले सप्ताह में आने का आश्वासन दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के सफल आयोजन में मार्गदर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।

बरात से लौट रही स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, दो भाइयों समेत चार की मौत

अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन साइट पर क्रेन गिरने से हड़कंप, 25 ट्रेनें रद्द