OPERATION SINDOOR

वायुसेना का बयान- ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी भी जारी, जल्द मिलेगा अपडेट

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही संघर्ष विराम की घोषणा की गई हो, लेकिन भारतीय वायुसेना ने रविवार को स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी भी जारी है। इसके साथ ही वायुसेना ने सभी से अटकलों और अफवाहों से बचने की अपील भी की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें हालिया स्थिति पर चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद थे। बैठक के दौरान भारतीय वायुसेना ने जानकारी दी कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अब भी जारी है, और जल्द ही इस पर विस्तृत ब्रीफिंग दी जाएगी।

वायुसेना ने अपने बयान में यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्रीय उद्देश्यों के अनुरूप और पूरी तरह से विवेकपूर्ण तरीके से चलाया गया है, और इसे सटीकता के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से किसी भी असत्यापित जानकारी के प्रसार से बचने की अपील की है।

साथ ही, संघर्ष विराम की घोषणा के बाद भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच 12 मई को वार्ता होने की संभावना है, जिसमें इस समझौते को लेकर लिखित तौर पर सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही है। यह बैठक प्रधानमंत्री के साथ शीर्ष बैठक में भी चर्चा का अहम मुद्दा रही।

वहीं, संघर्ष विराम के बाद सीमावर्ती इलाकों में स्थिति सामान्य नजर आ रही है। श्रीनगर, बारामूला, उरी, पुंछ में पिछले 24 घंटों में किसी भी तरह की गोलीबारी या गोलाबारी की खबर नहीं आई है। राजस्थान के बाड़मेर और पंजाब के पठानकोट में भी स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। अमृतसर प्रशासन ने पहले लोगों को घरों में रहने की सलाह दी थी, लेकिन अब रेड अलर्ट समाप्त होने के बाद वहाँ की गतिविधियाँ भी सामान्य हो गई हैं।

भारत-पाक सीमा के पास से खतरनाक विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद, आतंकी हमले की साजिश नाकाम

छत्तीसगढ़: अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से छह अपचारी बालक फरार, पुलिस की छापेमारी जारी