लखनऊ। देश के रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शुक्रवार की रात 8:45 बजे राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ एयरपोर्ट से वे सीधे कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास रवाना होंगे। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी लखनऊ के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने दी।
शनिवार 19 अप्रैल को राजनाथ सिंह का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है। सुबह 9:30 बजे वे केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘सांसद खेल महाकुंभ’ का उद्घाटन करेंगे। खेलों के इस महाकुंभ में युवाओं का उत्साह देखने लायक होगा।
इसके बाद सुबह 11 बजे वे मुन्नू खेड़ा, सदरौना रोड पर भाजपा के पश्चिम मंडल-3 के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
रविवार 20 अप्रैल को भी रक्षामंत्री का कार्यक्रम खासा व्यस्त रहेगा। सुबह 11 बजे वे आईआईएम रोड स्थित महर्षि डिग्री कॉलेज में भाजपा के उत्तर मंडल-4 के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके तुरंत बाद दोपहर 12 बजे अलीगंज में वे स्वच्छता आंदोलन के प्रणेता डॉ. बिंदेश्वरी पाठक की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
राजनाथ सिंह के इस दौरे के दौरान उनके विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से मिलने की भी योजना है। लखनऊ में उनका यह दौरा राजनीति और समाज दोनों ही क्षेत्रों के लिए अहम माना जा रहा है।