रीवा के गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद पांच महिलाएं बेसुध, दवा में गड़बड़ी की आशंका

रीवा। रीवा के गांधी स्मृति चिकित्सालय में डिलीवरी के बाद पांच महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शनिवार सुबह ये महिलाएं याददाश्त खोने लगीं और अपने परिवार के सदस्यों को भी पहचान नहीं पा रही थीं। इस रहस्यमयी घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया। फिलहाल, सभी महिलाओं का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम मामले की जांच कर रही है।

कैसे हुई यह घटना?

गायनिक विभाग में शुक्रवार को पांच महिलाओं का सीजेरियन ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और सभी नवजात स्वस्थ थे। डिलीवरी के बाद महिलाओं को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन काफी देर तक होश न आने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। जब महिलाओं को होश आया भी, तो वे अपने परिजनों को पहचान नहीं पा रही थीं।

परिजनों और डॉक्टरों के लिए यह स्थिति हैरान करने वाली थी। महिलाएं न तो बोल पा रही थीं और न ही हाथ-पैर हिला पा रही थीं। परेशान परिजनों ने तुरंत अस्पताल स्टाफ को इसकी सूचना दी। डॉक्टरों की विशेष टीम ने जांच शुरू कर दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है।

क्या कह रहा है अस्पताल प्रशासन?

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह दवा का साइड इफेक्ट हो सकता है। हालांकि, सभी महिलाएं अब खतरे से बाहर हैं। परिजनों के मुताबिक, महिलाएं पूरी तरह शून्य हो गई थीं और किसी भी प्रतिक्रिया में सक्षम नहीं थीं।

डॉक्टरों की टीम ने दवा में गड़बड़ी की आशंका जताई है। अस्पताल अधीक्षक राहुल मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि कोई दवा या इंजेक्शन घातक साबित हुआ या फिर किसी स्तर पर लापरवाही हुई।

अगले 24-48 घंटे में जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दमोह में अनियंत्रित पिकअप पलटने से बड़ा हादसा, एक महिला की मौत, 24 घायल

विक्रमोत्सव 2025: उज्जैन में न्याय व्यवस्था पर तीन दिवसीय विशेष समागम आज से शुरू