राजा इकबाल सिंह बने दिल्ली के नए महापौर, एमसीडी में भाजपा की धमाकेदार जीत

नई दिल्ली: दिल्ली के महापौर और उपमहापौर के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) ने शुक्रवार को शानदार जीत हासिल की। पार्टी के राजा इकबाल सिंह को महापौर और जय भगवान यादव को उपमहापौर के पद पर निर्वाचित किया गया। उपमहापौर पद के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार आरीबा खान ने नामांकन वापस ले लिया, जिससे जय भगवान यादव का निर्विरोध चयन हुआ। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने हिस्सा नहीं लिया, जिससे भाजपा की जीत पहले ही तय मानी जा रही थी।

राजा इकबाल सिंह ने अपनी जीत के बाद सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब दिल्ली नगर निगम में भाजपा पूरी तरह से सक्रिय हो कर विकास कार्यों को गति देगी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ समय से नगर निगम में विकास कार्यों में सुस्ती थी, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही इन कार्यों में तेजी आएगी। इसके अलावा, उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी नगर निगम की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाने का आश्वासन दिया।

नगर निगम चुनाव में कुल 142 पार्षदों ने वोट डाले, जिनमें से भाजपा के उम्मीदवारों को 133 और कांग्रेस के उम्मीदवारों को 8 वोट मिले। महापौर चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 238 पार्षदों के साथ-साथ 10 सांसद (7 लोकसभा और 3 राज्यसभा) और 14 विधायक भी शामिल थे।

राजा इकबाल सिंह ने प्रदूषण कम करने के लिए भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की। भाजपा की इस जीत के साथ अब दिल्ली में पार्टी की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बन गई है—केंद्र, राज्य और नगर निगम तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होगी। यह जीत दिल्ली की राजनीति में भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है।

गौरतलब है कि निवर्तमान महापौर महेश कुमार और उपमहापौर रविंद्र भारद्वाज के अनुपस्थित रहने पर उपराज्यपाल ने सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया था। चुनाव से पहले पहलगाम हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अस्थियां गंगा में प्रवाहित

राहुल गांधी का बयान, आतंकवाद के खिलाफ पूरी विपक्ष सरकार के साथ एकजुट