राजस्थान के सरहदी इलाकों में तनाव बढ़ा, पाकिस्तान के हमलों के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई

जयपुर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले का जवाब देने के बाद भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक (ऑपरेशन सिंदूर) के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तनाव बढ़ा दिया है।

सात और आठ मई की रात पाकिस्तान ने राजस्थान के नाल (बीकानेर), फलोदी और उत्तरलाई (बाड़मेर) स्थित प्रमुख सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इनमें से तीन एयरबेस भी निशाने पर थे। हालांकि, भारतीय सेना ने पहले से ही एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर रखा था, जिसके कारण सभी हमले विफल रहे और मिसाइलें तथा ड्रोन हवा में ही नष्ट हो गए।

गुरुवार रात पाकिस्तान ने जैसलमेर और पोकरण में भी ड्रोन (स्वार्म अटैक) से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना की सतर्कता के कारण यह हमला भी नाकाम रहा। रक्षा मंत्रालय ने इसे भारतीय वायु क्षेत्र का गंभीर उल्लंघन बताया, लेकिन सेना ने अपनी तत्परता से खतरे को समय रहते टाल दिया।

इन घटनाओं के बाद जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और पाली जिलों में रातभर ब्लैकआउट किया गया। जैसलमेर में विशेष रूप से रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक ब्लैकआउट लागू किया गया।

राज्य सरकार ने सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कई अहम कदम उठाए। जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर और किशनगढ़ एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया, वहीं बाड़मेर और जैसलमेर में ट्रेन सेवाओं को आंशिक रूप से रद्द किया गया। इसके साथ ही, इन क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान आगामी आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।

बीकानेर, श्रीगंगानगर और कोटा में ड्रोन उड़ाने और आतिशबाजी पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पश्चिमी सीमा से सटे गांवों को सुरक्षा कारणों से खाली किया गया है, और इन इलाकों में आरएसी की कंपनियों की तैनाती के साथ नए बंकर भी बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नौ आरएएस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, साथ ही फायरमैन के सभी रिक्त पदों को तुरंत भरा गया। उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस स्थिति पर चर्चा की और संकट से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

उत्तर-पश्चिम रेलवे ने जैसलमेर और बाड़मेर में कई ट्रेन सेवाओं को रद्द करने का ऐलान किया है। इसके अलावा, सरहदी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है और सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान द्वारा लगातार बढ़ते हमलों और सुरक्षा चुनौती के बीच राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जम्मू-कश्मीर के कई शहरों में पाकिस्तान ने किया मिसाइल हमला, भारतीय सुरक्षाबलों ने दिया जोरदार जवाब

राजौरी में सेना ब्रिगेड पर आत्मघाती हमले और जालंधर में ड्रोन हमले के दावे झूठे, PIB ने किया सच सामने