लखनऊ: रविवार को लखनऊ में रक्षा मंत्री और स्थानीय सांसद, राजनाथ सिंह ने ‘सुलभ इंटरनेशनल’ के संस्थापक डॉ. बिंदेश्वर पाठक की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. पाठक की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के ‘स्वच्छता ही सेवा’ के विचार को सबसे सशक्त तरीके से साकार करने का कार्य डॉ. पाठक ने किया है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि डॉ. पाठक की संस्था ‘सुलभ इंटरनेशनल’ ने न केवल लाखों लोगों को स्वच्छता का अधिकार दिया, बल्कि उन्हें एक सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. पाठक सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन थे, जिन्होंने भारत के स्वच्छता परिदृश्य को बदलने के लिए अथक प्रयास किए।
उन्होंने आगे कहा, “डॉ. बिंदेश्वर पाठक ने साबित किया कि अगर सेवा का भाव सच्चा हो, तो समाज में गहरा और स्थायी बदलाव लाया जा सकता है।” रक्षा मंत्री ने डॉ. पाठक की संघर्षों और प्रयासों को मान्यता देते हुए कहा कि उन्होंने खुले में शौच करने की प्रथा के खिलाफ एक आंदोलन चलाया और सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया, जो सामाजिक क्रांति का प्रतीक बन गया।
राजनाथ सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि गांधी जी का नाम तो हर कोई लेता है, लेकिन गांधी जी के सिद्धांतों पर चलने वाले लोग बहुत कम होते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. पाठक ने समाज में बदलाव लाने का काम किया, साथ ही सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए सुलभ इंटरनेशनल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की शुरुआत की सराहना करते हुए कहा कि इस मिशन के तहत 95 प्रतिशत से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस (खुले में शौच मुक्त) घोषित किया गया है, जिसमें डॉ. बिंदेश्वर पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम के बाद, राजनाथ सिंह ने लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात की, जिनके पैर में हाल ही में मोच आ गई थी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, विधायक डॉ. नीरज बोरा, नित्या पाठक, पंकज जैन और फतेह बहादुर सिंह भी उपस्थित रहे।



