RAJNATH SINGH

राजनाथ सिंह का कड़ा बयान: पाकिस्तान के परमाणु हथियारों पर हो अंतरराष्ट्रीय निगरानी, आतंकवाद को दी जाए कड़ी सजा

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दुनिया के सामने बड़ा सवाल उठाया – क्या पाकिस्तान के हाथों में मौजूद परमाणु हथियार वाकई सुरक्षित हैं? उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान के एटम बमों को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की कड़ी निगरानी में लाना बेहद जरूरी है।

राजनाथ सिंह ने साफ चेतावनी दी कि पाकिस्तान को आतंकवादी संगठनों को अपनी जमीन पर पनाह देना तुरंत बंद करना होगा। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान ने पहलगाम में निर्दोषों की हत्या कर भारत की सामाजिक एकता पर वार किया है। जब उसने हमला किया, तो हमने भी उसी ज़ोरदार तरीके से जवाब दिया है। अब समय आ गया है कि वह भारत के खिलाफ अपनी धरती का इस्तेमाल बंद करे।”

यह रक्षा मंत्री का ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के स्थगन के बाद पहला श्रीनगर दौरा है, जहां उन्होंने बहादुर जवानों को शाबाशी देते हुए कहा, “आपकी सूझबूझ और हिम्मत ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। आपने सीमा पार जाकर आतंकवादियों के ठिकानों को तहस-नहस कर दिया। यह कारगिल की कहानी नहीं, यह आपके जज़्बे की जीत है।”

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में हर जवान के दिल में एक ही सपना था – घाटियों और बंकरों में छिपे आतंकियों को जड़ से खत्म करना। राजनाथ सिंह ने याद दिलाया कि 21 साल पहले भी पाकिस्तान ने वादा किया था कि वह आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देगा, लेकिन उसने भारत को बार-बार धोखा दिया और आज उसका यही धोखा भारी पड़ रहा है।

रक्षा मंत्री ने साफ किया कि भारतीय सेना आतंकवाद के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी और आतंकियों को कहीं भी पनाह नहीं मिलेगी। “अब पाकिस्तानी आतंकी अपने आप को सुरक्षित न समझें, क्योंकि हमारी सेना का निशाना अचूक है। हमने न्यूक्लियर ब्लैकमेल को भी परवाह नहीं की।”

राजनाथ सिंह ने अंत में जोर देते हुए कहा, “आज श्रीनगर से पूरी दुनिया के सामने मैं यह सवाल उठाता हूं कि क्या ऐसे गैर जिम्मेदार राष्ट्र के हाथों में परमाणु हथियार सुरक्षित हो सकते हैं? पाकिस्तान के परमाणु हथियारों पर अंतरराष्ट्रीय निगरानी अनिवार्य होनी चाहिए। आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारे निर्दोषों को मारा, लेकिन हमने कर्म देखकर उनका खात्मा किया। यही हमारा धर्म है और यही हमारी ताकत है।”

UP के बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रक में घुसी कार, परिवार के पांच सदस्यों की मौत, आठ घायल

पंजाब से गिरफ्तार हरिद्वार के राकिब की कुंडली जांच में जुटी पुलिस, खुफिया विभाग भी सक्रिय