वाशिंगटन। टेस्ला के सीईओ और अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए हैं। मस्क ने दावा किया है कि अगर उनका साथ न होता, तो ट्रंप 2024 का चुनाव कभी नहीं जीत पाते। उन्होंने ट्रंप पर “गंभीर अकृतज्ञता” दिखाने का आरोप भी लगाया।
एलन मस्क का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब हाल ही में ट्रंप ने उनके प्रति “गहरी निराशा” जाहिर की थी। मस्क ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक पोस्ट कर ट्रंप की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा,
“मेरे बिना ट्रंप चुनाव हार जाते। डेमोक्रेट्स हाउस पर कब्जा कर लेते और सीनेट में रिपब्लिकन बहुमत महज 51-49 रह जाता।”
इसके तुरंत बाद उन्होंने एक और पोस्ट में तीखे लहजे में लिखा,
“इतनी अकृतज्ञता!”
सूत्रों के मुताबिक, एलन मस्क ने ट्रंप के 2024 चुनाव प्रचार के लिए करीब 250 मिलियन डॉलर (लगभग 2 हजार करोड़ रुपये) का योगदान दिया था। मस्क का मानना है कि ट्रंप की व्हाइट हाउस वापसी में उनकी भूमिका निर्णायक रही।
इस तकरार की आग तब और भड़क गई जब मस्क ने ट्रंप के प्रमुख टैक्स और खर्च विधेयक को “भ्रष्ट, गैर-जिम्मेदाराना और उद्योग विरोधी” करार दिया। खासतौर पर इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर को लेकर मस्क ने ट्रंप प्रशासन की नीतियों का खुलकर विरोध किया है।
डीओजीई (डिपार्टमेंट ऑफ ग्रीन एनर्जी) प्रमुख के पद से हटने के बाद से मस्क, ट्रंप सरकार की ईवी नीतियों को लेकर लगातार मुखर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि ट्रंप का कर प्रस्ताव EV उद्योग को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।
अब मस्क और ट्रंप के बीच यह तल्खी एक राजनीतिक और व्यक्तिगत संघर्ष का रूप ले चुकी है, जिसे लेकर अमेरिका की राजनीति में गर्माहट और गहराती नजर आ रही है।



