मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई मंगलवार को बारिश में डूबी रही, और हालात आज भी कुछ बेहतर नहीं लगते। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार को भी महानगर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे।
बारिश की वजह से खार समेत कई उपनगरीय इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
इधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भी राहत भरी खबर दी है। विभाग का अनुमान है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून औसत से बेहतर प्रदर्शन करेगा। इस बार मानसून की बारिश दीर्घावधि औसत का 106 प्रतिशत रहने की संभावना जताई गई है, जो अप्रैल में अनुमानित 105 फीसदी से भी ज्यादा है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी जताई गई है।
कुल मिलाकर, मुंबई में जहां एक ओर बारिश ने मुसीबतें बढ़ा दी हैं, वहीं पूरे देश के लिए मानसून के मजबूत संकेत कुछ राहत जरूर दे रहे हैं।