मुंबई में बढ़ाई गई सुरक्षा, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पुलिस का अलर्ट

मुंबई: जम्मू कश्मीर के पहलगांव में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद मुंबई में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आतंकवादी घटना के मद्देनजर, आर्थिक राजधानी के प्रमुख ठिकानों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और वाहन जांच में भी तेजी लाई गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले के तुरंत बाद मुंबई पुलिस ने आपातकालीन बैठक बुलाई और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों जैसे धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक स्थल और व्यस्त इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। पूरे मुंबई में पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है, विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि सभी जोन अलर्ट पर हैं और गश्त तेज कर दी गई है, साथ ही वाहनों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है।

इस घटना में मारे गए पर्यटकों के परिवारों के लिए राज्य सरकार ने पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की मदद प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर, जम्मू कश्मीर में फंसे पर्यटकों को आज रात दो विशेष विमानों से मुंबई लाया जाएगा। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर में फंसे अन्य पर्यटकों को वापस लाने की प्रक्रिया भी जारी है। महाराष्ट्र सरकार के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मंत्री गिरीष महाजन राज्य के पर्यटकों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

मुंबई में सुरक्षा बढ़ाने और पर्यटकों को सुरक्षित लाने के प्रयासों से शहर के लोग अब कुछ राहत महसूस कर रहे हैं।

कांग्रेस ने पहलगाम हमले पर सीडब्ल्यूसी की बैठक में भाजपा पर हमला बोला, सुरक्षा को लेकर उठाए गंभीर सवाल

कवर्धा में इनामी नक्सली दंपति ने किया आत्मसमर्पण, 7 लाख का था इनाम