मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को पुणे में ऐलान किया कि राज्य में रह रहे 5023 पाकिस्तानी नागरिकों को आज रात तक बाहर भेज दिया जाएगा। इन पाकिस्तानियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर जारी है, और मुख्यमंत्री ने इसकी जल्द पूर्णता की जानकारी दी।
गृह विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र के 48 शहरों में इन 5023 पाकिस्तानी नागरिकों का पता चला है। सबसे अधिक 2,458 पाकिस्तानी नागपुर में हैं, जबकि 1,106 पाकिस्तानी ठाणे में रह रहे हैं। मुंबई में केवल 14 पाकिस्तानी नागरिक पाए गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इन पाकिस्तानियों में से केवल 51 के पास ही वैध दस्तावेज थे।
इसके अलावा, महाराष्ट्र में 107 पाकिस्तानी नागरिकों के लापता होने की खबर सामने आई थी, लेकिन मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस दावे को सिरे से नकारते हुए कहा, “यह झूठी खबर है। गृह मंत्री के रूप में मैं साफ तौर पर कहता हूं कि एक भी पाकिस्तानी नागरिक लापता नहीं है। सभी नागरिक सुरक्षित हैं और सभी को बाहर भेजने की व्यवस्था की जा चुकी है।” उन्होंने यह भी बताया कि इन सभी को आज शाम या कल तक भारत छोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक न रहे और उन्हें जल्द से जल्द बाहर भेज दिया जाए।



