महाकाल के दरबार में नतमस्तक हुए स्वामी रामदेव, बोले – ‘पाकिस्तान को आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए’

उज्जैन। योग गुरु स्वामी रामदेव ने अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भक्ति भाव से पूजन-अर्चन किया। महाकाल की नगरी में आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत इस भेंट के दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

स्वामी रामदेव ने मीडिया से बातचीत में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “जो आतंकी धर्म पूछकर गोलियां चला रहे हैं, उन्हें पाकिस्तान के साथ-साथ पूरी दुनिया को जवाब देना चाहिए। महाकाल भी काल बनकर खड़े होंगे और सत्य की ही विजय होगी।”

सुबह करीब चार बजे उज्जैन पहुंचे स्वामी रामदेव ने नंदी हॉल में दो घंटे तक साधना कर भगवान महाकाल से देश की सुरक्षा और समृद्धि की प्रार्थना की। भस्म आरती के अद्वितीय दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में पूजन कर नंदी देव का भी अभिषेक किया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

पूजन के पश्चात स्वामी रामदेव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल, श्रीफल और भगवान महाकाल की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। योग गुरु ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा, “डॉ. मोहन यादव विरासत आधारित विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक बन चुके हैं। उनके प्रयासों से मध्य प्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, विशेष रूप से उज्जैन को सांस्कृतिक राजधानी के रूप में गढ़ा जा रहा है।”

आगामी सिंहस्थ महापर्व को लेकर स्वामी रामदेव ने कहा कि यह आयोजन सनातन धर्म की गरिमा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को उज्जैन के विकास और कुंभ की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

स्वामी रामदेव ने अंत में कहा कि महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हुआ है। महाकाल की कृपा से देश हमेशा सुरक्षित और समृद्ध बना रहे – यही उन्होंने प्रार्थना की।

ALOK JOSHI, RAW

राष्ट्रीय सुरक्षा को नई दिशा: पूर्व R&AW प्रमुख आलोक जोशी बने NSAB के अध्यक्ष

CBI

बिलासपुर रेलवे मुख्यालय में CBI की दबिश, रिश्वतकांड से जुड़े दस्तावेज जब्त