इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट जिलों में एक बड़ी कार्रवाई में 12 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इन उग्रवादियों में से चार सदस्य और एक सहयोगी संयुक्त राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा (पाम्बेई धड़ा) से थे, जिन्हें वांगखई थांगपट मापन से पकड़ा गया।
पुलिस मुख्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में वांगमयुम अजीजुर रहमना (52), शेख वसीम राजा (30), मो. फारुक खान (19), फुशम अजमीर (24), और खुल्लकपम इबोसाना (44) शामिल हैं। ये उग्रवादी जबरन वसूली, लोगों को धमकाने और आतंक फैलाने में संलिप्त थे। इनके पास से जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन भी बरामद हुआ। गिरफ्तार इबोसाना उग्रवादियों और आम नागरिकों के बीच दलाल की भूमिका निभा रहा था।
वहीं, एक और अभियान में प्रीपाक (प्रो) संगठन के एक और सदस्य तखेल्लंबम मइपकसाना सिंह (29) को इंफाल सिटी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद हुआ। उसने स्वीकार किया कि वह प्रीपाक के कमांडर के आदेश पर काम कर रहा था और बामोन लेकाई स्थित एक गैस एजेंसी को बंद कराने में भी शामिल था।
इसके अतिरिक्त, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के छह उग्रवादियों को इंफाल ईस्ट के विभिन्न इलाकों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में मो. मानेरुद्दीन (48), मो. वाजबीर अहमद (33), थोंगम जयनंदा सिंह (51), लैश्रम सूरज सिंह (28), निंगथौजम बीरजीत मैतेई (36) और क्षेत्रिमयुम राजेन सिंह (38) शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने बताया कि यह कार्रवाई उग्रवादी नेटवर्क को खत्म करने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है।