रियाद: इस्लाम के सबसे बड़े पवित्र आयोजन हज की तैयारी पूरी है। सऊदी अरब ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इस बार की वार्षिक हज यात्रा 4 जून से शुरू होगी। इस ऐतिहासिक घोषणा के साथ ही मक्का के पवित्र धरती पर लाखों मुसलमानों के दिलों में उमंगें और बढ़ गई हैं।
सऊदी की स्पेस ऑब्जर्वेटरी ने बकरीद के चांद की पुष्टि करते हुए हज की तारीख घोषित की है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे मंजूरी दे दी है, जिससे लाखों श्रद्धालुओं की उम्मीदें और भी प्रबल हो गई हैं।
सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के मुताबिक, हज मंत्री तौफीक अल-रबिया ने बताया कि दुनिया भर से अब तक 10 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री मक्का पहुंच चुके हैं, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले साल 18 लाख से ज्यादा मुसलमानों ने हज में हिस्सा लिया था।
सूचना मंत्री अल-दोसरी ने भी जानकारी दी कि रविवार तक बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 1,070,000 के करीब पहुंच चुकी है। मक्का, मदीना और अन्य पवित्र स्थलों पर इस बार 25,000 से ज्यादा मस्जिदें तैयार की गई हैं, और पवित्र कुरान की 25 लाख प्रतियां श्रद्धालुओं के बीच वितरित की जा चुकी हैं।
इस बार हज में महिला तीर्थयात्रियों का हिस्सा 53% और पुरुषों का 47% है, जो महिलाओं की भागीदारी को दर्शाता है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 50,000 से ज्यादा चिकित्सा और तकनीकी कर्मचारी तैनात हैं।
गर्म मौसम में हीटस्ट्रोक से बचाव के लिए मक्का और पवित्र स्थलों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मीना में किदाना डेवलपमेंट कंपनी की मदद से नया 200 बिस्तरों वाला आपातकालीन अस्पताल भी शुरू किया गया है, ताकि तीर्थयात्रियों को हर संभव सुविधा मिल सके।
हज की इस पावन यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं, और दुनियाभर के मुसलमान इसके लिए अपने दिलों में दुआएं लेकर मक्का की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।