मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के काचरिया चौपाटी के पास एक तेज रफ्तार ईको वैन ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे वैन अनियंत्रित होकर एक बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गई। इस भीषण हादसे में 12 लोगों की जान चली गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में मरने वालों में वैन में सवार 10 लोग और कुएं में गिरने के बाद उन्हें बचाने उतरे एक युवक और बाइक चालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
हादसा कैसे हुआ? रविवार दोपहर करीब एक बजे रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के खोजनखेड़ा से 14 लोग उज्जैन के मनासा क्षेत्र स्थित आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे मंदसौर जिले के काचरिया चौपाटी के पास पहुंचे, तेज रफ्तार वैन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वैन बेकाबू होकर एक कुएं में गिर गई। हादसे में वैन में सवार 14 लोगों में से 10 की मौत हो गई। इसके अलावा, बाइक सवार और एक युवक जो बचाव कार्य में लगा था, उसकी भी जान चली गई।
ग्रामीणों की मदद और रेस्क्यू ऑपरेशन हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एसडीईआरएफ की टीम ने रस्सियों के सहारे कुएं में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से वैन को बाहर निकाला गया और 11 शवों को निकाला गया।
मुख्यमंत्री ने दुख जताया और मुआवजे का ऐलान किया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “इस दुर्घटना में 12 लोगों की असामयिक मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने तत्काल बचाव कार्य किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल को 1 लाख रुपये और मामूली घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।”
घायलों की पहचान और उपचार हादसे में घायल होने वालों में 10 साल के देवेंद्र, 28 साल के मुकेश, 26 साल की माया और 3 साल की प्रियांशी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की है।
मृतकों की सूची हादसे में जिनकी जान चली गई, उनमें बलराम (25), नागु सिंह (35), रामी बाई (60), कान्हा (40), श्यामलाल (30), आशा (30), मंगू बाई (50), धर्मेन्द्र सिंह (39), पवन (30), मधु (30), गोवर्धन (65) और मनोहर (42) शामिल हैं।