भोपाल के गोविंदपुरा में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की 10-12 गाड़ियां मौके पर

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार दोपहर एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल की 10-12 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। साथ ही, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) भी मौके पर तैनात है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में जेके रोड स्थित टाटा और महिंद्रा शोरूम के पीछे स्थित इस फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुरा, पुल बोगदा और फतेहगढ़ से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, अब तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है।

आग की लपटें काफी ऊंची उठने के कारण पूरे इलाके में गहरे धुएं का गुबार फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि अशोका गार्डन पुलिस भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंच गई। आग लगते ही शोरूम के कर्मचारी बाहर निकल आए और आसपास की कई दुकानों को खाली करा दिया गया। राहत और बचाव कार्य अभी जारी है।

राजगढ़: हाईवे पर चलते आयशर ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

मध्य प्रदेश सरकार के कर्ज़ पर सियासत तेज, कमलनाथ ने पूछा – आखिर पैसा कहां जा रहा है?