भुवनेश्वर: भुवनेश्वर में आयोजित ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब बिहार में भी चुनावों को “चोरी” करने की तैयारी में है, जैसा महाराष्ट्र में हुआ था।
राहुल ने कहा, “महाराष्ट्र में चुनावों की चोरी हुई और अब वही स्क्रिप्ट बिहार में दोहराई जा रही है। चुनाव आयोग भाजपा की शाखा की तरह काम कर रहा है, ना कि एक स्वतंत्र संस्था की तरह। हमने आयोग से बार-बार मतदाता सूची और वीडियोग्राफी की मांग की, लेकिन कुछ नहीं मिला। ये एक सोची-समझी साजिश है।”
ओडिशा पर भी साधा निशाना: “अडानी चला रहे हैं सरकार, जनता का हक छीन रहे हैं”
राहुल गांधी यहीं नहीं रुके। उन्होंने ओडिशा की सरकार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “ओडिशा की सरकार गरीबों का खून चूसने वाली मशीन बन गई है। पहले बीजद और अब भाजपा – दोनों ने जनता को लूटा। राज्य की असली सत्ता अब अडानी जैसे अरबपतियों के हाथों में है।”
राहुल ने आरोप लगाया कि जब जगन्नाथ रथयात्रा होती है, तब अडानी परिवार के लिए रथ रोका जाता है – और यही दिखाता है कि राज्य की सरकार किसके इशारे पर चल रही है। “यह सरकार नहीं, बल्कि चंद अरबपतियों का गिरोह है जो आपकी जमीन, जंगल और भविष्य पर कब्जा करना चाहता है।”
“ओडिशा में 40,000 महिलाएं लापता – लेकिन सरकार खामोश”
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, “राज्य में 40,000 से अधिक महिलाएं गायब हैं, लेकिन किसी को नहीं पता वे कहां हैं। रोज़ औसतन 15 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है, और सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है। यह सरकार आपकी आवाज़ नहीं सुनती, ये सिर्फ सत्ता और पैसे की भाषा समझती है।”
“ये लड़ाई कोई और नहीं, ओडिशा की जनता ही जीत सकती है”
कार्यक्रम के अंत में राहुल गांधी ने जनता से आह्वान किया कि ये लड़ाई केवल कांग्रेस नहीं, बल्कि ओडिशा की आम जनता – खासकर दलित, आदिवासी, किसान और महिला वर्ग – ही जीत सकते हैं। “भाजपा और अरबपतियों के गठजोड़ के खिलाफ अब निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है।”