भावुक कर देने वाला पल: राष्ट्रपति मुर्मू के जन्मदिन पर दृष्टिबाधित बच्चों ने गाया गीत, छलक पड़ीं आंखें, वीडियो वायरल

देहरादून। उत्तराखंड की धरती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन एक भावुक और यादगार लम्हे में तब्दील हो गया, जब दृष्टिबाधित बच्चों ने उनके लिए सुरों की सौगात पेश की। देहरादून के राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जब छात्रों ने बॉलीवुड का लोकप्रिय गाना ‘बार-बार ये दिन आए’ गाकर राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी, तो उनकी आंखें नम हो गईं। मंच पर बैठी राष्ट्रपति इस भावनात्मक प्रस्तुति से इतनी प्रभावित हुईं कि टिश्यू से आंसू पोंछते हुए नजर आईं। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आईं राष्ट्रपति मुर्मू का यह पल देशभर के लोगों को भावुक कर रहा है। लोग वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, कोई इसे सादगी की मिसाल बता रहा है तो कोई इसे इंसानियत से जुड़ी सबसे खूबसूरत झलक।

इस खास दिन पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेताओं ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देशभर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा।”

वहीं, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने लिखा,
“विनम्र शुरुआत से सर्वोच्च संवैधानिक पद तक की उनकी यात्रा लोकतंत्र की सच्ची भावना को दर्शाती है।”

गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक छोटे से गांव उपरबेड़ा में हुआ था। वे संथाल जनजाति से ताल्लुक रखती हैं और सामाजिक न्याय, समावेशी विकास व जनसेवा के लिए हमेशा समर्पित रही हैं।

इस भावुक जन्मदिन की झलक ने न सिर्फ देहरादून बल्कि पूरे देश को उनके विनम्र और संवेदनशील व्यक्तित्व से एक बार फिर रूबरू कराया है।

नक्सली रवि की शवयात्रा बनी शक्ति प्रदर्शन, झंडे-बैनर और नारों के साथ तेलंगाना में हुआ अंतिम विदाई का महिमामंडन

NITISH KUMAR, BIHAR

विपक्ष पर बरसे नीतीश कुमार, बोले- “जब मौका मिला तो कुछ किया नहीं, अब बकवास करते हैं”