इस्लामाबाद। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत के करारे जवाब से बौखलाए पाकिस्तान ने अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहानुभूति बटोरने की कोशिश शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ रविवार से चार देशों की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। वह तुर्किये, ईरान, अजरबैजान और ताजिकिस्तान का दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान शरीफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर के तहत किए गए जवाबी हमलों की जानकारी साझा करेंगे और पाकिस्तान का पक्ष रखने की कोशिश करेंगे।
गौरतलब है कि भारत के इस सैन्य अभियान में पाकिस्तान को भारी नुकसान झेलना पड़ा है, जिससे पड़ोसी देश की बेचैनी बढ़ गई है। भारत ने भी कूटनीतिक मोर्चे पर कमर कसते हुए कई देशों में अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं, जो पाकिस्तान के उकसावे और आतंकी गतिविधियों का पर्दाफाश कर रहे हैं। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अपनी बात बताने के लिए पहले प्रतिनिधिमंडलों को भेजने की योजना बनाई और अब प्रधानमंत्री स्वयं कूटनीतिक दौरे पर निकल रहे हैं।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे में शहबाज शरीफ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे और भारत-पाक संघर्ष के संदर्भ में अपना पक्ष रखेंगे। इसके साथ ही वह 29-30 मई को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में होने वाले अंतरराष्ट्रीय ग्लेशियर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
यह दौरा पाकिस्तान के लिए कूटनीतिक समर्थन हासिल करने की एक बड़ी कोशिश माना जा रहा है, जबकि भारत पहले ही वैश्विक मंचों पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है।



