नई दिल्ली। शनिवार रात भारत और पाकिस्तान के बीच आसमान में जबरदस्त टकराव हुआ, जिसने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। भारतीय सेना ने ऐलान किया है कि सुबह 10 बजे साउथ ब्लॉक में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
रात के अंधेरे में पाकिस्तान ने भारत के गुजरात, आदमपुर, अंबाला, उधमपुर, पठानकोट और जालंधर में स्थित सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले की साजिश रची, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने पूरी तरह से पाकिस्तान के मंसूबों को चकनाचूर कर दिया। भारतीय जवाबी कार्रवाई भी जोरदार रही और इस्लामाबाद, लाहौर और रावलपिंडी में चार एयरबेस के पास धमाकों की खबरें सामने आई हैं। हालात ऐसे बने कि पाकिस्तान को अपना एयर स्पेस तत्काल बंद करना पड़ा और सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई।
शुक्रवार रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान के हालिया ड्रोन हमलों पर प्रेस वार्ता के लिए सुबह 5:45 बजे बुलावा भेजा था, लेकिन इसी बीच जम्मू, श्रीनगर और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में एयर डॉगफाइट शुरू हो गई, जिसके चलते प्रेस कॉन्फ्रेंस को 10 बजे तक टाल दिया गया।
पाकिस्तान ने फतेह-2 और फतेह-1 मिसाइलें भारत की ओर दागीं, जिन्हें भारतीय सेना ने हवा में ही ध्वस्त कर दिया। हरियाणा के सिरसा में दिल्ली की ओर आ रही एक फतेह-2 मिसाइल को इंटरसेप्ट किया गया। पाकिस्तान ने जम्मू के प्रसिद्ध आप शंभू मंदिर को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन हमले में मंदिर पूरी तरह सुरक्षित रहा। हालांकि, राजौरी में एक नागरिक घायल हुआ है और कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है।
पाकिस्तान की इस हरकत का करारा जवाब देते हुए भारत ने इस्लामाबाद, लाहौर और रावलपिंडी में स्थित एयरबेस पर निशाना साधा। भारत ने इस जवाबी कार्रवाई में पूरी सावधानी बरती ताकि आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे। पाकिस्तान के नूर खान बेस, मुरीद बेस और शोरकोट बेस पर भी भारतीय मिसाइल हमलों की खबरें आ रही हैं। हालात बिगड़ते देख पाकिस्तान ने अपने एयर स्पेस को पूरी तरह बंद कर दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय सेना किसी भी हालात में देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देना जानती है। अब पूरे देश की निगाहें भारतीय सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां इस अभूतपूर्व एयर स्ट्राइक की और ज्यादा जानकारी साझा की जाएगी।



