नई दिल्ली। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने मंगलवार रात पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। भारतीय जनता पार्टी ने इसे एक ऐतिहासिक जवाबी कार्रवाई बताते हुए कहा कि भारत ने पहलगाम हमले का बदला ले लिया है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस ऑपरेशन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारत ने पहलगाम हमले का कड़ा जवाब दिया है। ये एक सख्त संदेश है – अगर हमें छेड़ोगे, तो छोड़ेंगे नहीं।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत की आत्मा पर हमला करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी। आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए भारत संकल्पित है, और हम इसे कभी नहीं छोड़ेंगे।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया। इस जवाबी कार्रवाई से हमारे वीर सैनिकों ने फिर से देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।”
उन्होंने यह भी कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में यह कार्रवाई सिर्फ पहलगाम हमले का प्रतिशोध नहीं है, बल्कि यह एक मजबूत संदेश भी है कि जो भी भारत की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा को चुनौती देगा, भारत उसे उसके घर में घुसकर जवाब देने में सक्षम है।”
भारत की कड़ी कार्रवाई से आतंकवादियों के खिलाफ एक और निर्णायक कदम उठाया गया है, और इसने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अडिग और संकल्पित है।



