मुंबई। कपूर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड के मशहूर निर्माता बोनी कपूर, अभिनेता अनिल कपूर और संजय कपूर की मां निर्मल कपूर का शुक्रवार को मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। 90 वर्ष की उम्र में उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में गहरा शोक छा गया। कपूर परिवार ने एक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए सभी से प्रार्थना और सहयोग की अपील की।
बोनी कपूर और उनके बच्चों अर्जुन कपूर, अंशुला कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “2 मई 2025 को निर्मल कपूर ने अपने परिवार के बीच शांति से अंतिम सांस ली। उन्होंने एक संपूर्ण और आनंदमय जीवन जिया। वह अपने पीछे चार बच्चों, बहुओं, दामाद, 11 पोते-पोतियों, चार परपोते-पोतियों और ढेरों खूबसूरत यादों की विरासत छोड़ गई हैं।”
पोस्ट में आगे लिखा गया, “उनका उदार और प्रेममयी स्वभाव हर उस व्यक्ति को छू गया, जो उनसे कभी मिला। वह हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी। हम उन्हें सदा याद करेंगे और स्नेहपूर्वक याद करते रहेंगे।”
पोस्ट के अंत में परिवार के सभी सदस्यों—बोनी, अनिल, संजय, रीना, सुनीता, अर्जुन, अंशुला, जाह्नवी, खुशी, सोनम, रिया, हर्षवर्धन, शनाया, जहान समेत कई अन्य का नाम शामिल किया गया। इस पोस्ट को शेयर करते हुए बोनी कपूर ने सिर्फ एक शब्द लिखा “मां”, साथ में एक टूटे दिल वाला इमोजी लगाया, जिसने उनके दर्द को बयां कर दिया।
निर्मल कपूर के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। करण जौहर, अनुपम खेर, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, तब्बू, रवीना टंडन, अनन्या पांडे, सुहाना खान, जावेद अख्तर, रूमी जाफरी, पद्मिनी कोल्हापुरी, राजकुमार संतोषी और अनीस बज्मी सहित कई सितारे कपूर परिवार के घर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
बॉलीवुड के इन सितारों ने इस कठिन समय में कपूर परिवार के साथ खड़े होकर अपने प्यार और समर्थन का इज़हार किया। निर्मल कपूर के निधन ने सिर्फ उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गमगीन कर दिया।