मुंबई। प्रख्यात अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हरिकृष्ण गिरी गोस्वामी, जिन्हें फिल्मी दुनिया में मनोज कुमार के नाम से जाना गया, का जन्म विभाजन से पूर्व एबटाबाद में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। भारत-पाक बंटवारे के दौरान वह मात्र 10 साल के थे और उनका परिवार दिल्ली आकर बस गया। अभिनय के प्रति अपने जुनून के चलते उन्होंने मुंबई का रुख किया और दिलीप कुमार से प्रेरित होकर अपना नाम बदलकर मनोज कुमार रख लिया।
देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों के लिए मशहूर, उन्हें बॉलीवुड में ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जाना जाता था। अपने करियर में उन्होंने कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जैसे पद्मश्री और दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड भी हासिल किए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेलिब्रिटी नेट वर्थ के अनुसार मनोज कुमार की कुल संपत्ति लगभग 170 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने अभिनय, निर्देशन और रियल एस्टेट निवेश के जरिए यह संपत्ति अर्जित की। मुंबई में स्थित ‘गोस्वामी टॉवर’ नाम की एक इमारत भी उनके नाम से जुड़ी हुई है।
मनोज कुमार अपने पीछे दो बेटे – कुणाल गोस्वामी और शाल गोस्वामी – को छोड़ गए हैं। उनका जीवन संघर्ष, सफलता और देशभक्ति की मिसाल बना रहेगा।