बर्मिंघम। भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट मैच 2 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, लेकिन जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग इलेवन में मौजूदगी को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बुमराह मैच के लिए उपलब्ध तो हैं, लेकिन उन्हें अंतिम ग्यारह में शामिल किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला अब तक नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि बुमराह ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई पिछली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के सभी पांच टेस्ट खेले थे, लेकिन आखिरी मुकाबले में वह पीठ की परेशानी के कारण चोटिल हो गए थे। इसके चलते उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी थी और वह चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर हो गए थे। यही वजह है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान गिल पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इंग्लैंड दौरे पर बुमराह को जरूरत के मुताबिक सीमित टेस्ट ही खेलने को मिलेंगे।
भारतीय टीम पहला टेस्ट हार चुकी है, ऐसे में बुमराह की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। गिल ने कहा, “हम ऐसा संयोजन तैयार करना चाहते हैं जो 20 विकेट लेने के साथ-साथ रन भी बना सके। बुमराह के खेलने पर अंतिम फैसला पिच की स्थिति देखने के बाद लिया जाएगा।”
हालांकि गिल ने ये भी माना कि बुमराह के बिना मैदान में उतरना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “हमारे पास भारत के बेहतरीन खिलाड़ी हैं, जो प्रदर्शन के आधार पर टीम का हिस्सा हैं। हमारे पास टैलेंट की कोई कमी नहीं है और यही कारण है कि हम विदेशों में भी मुकाबला करने की ताकत रखते हैं।”
गिल ने पहले टेस्ट में टीम के लचर क्षेत्ररक्षण पर भी बात की। भारत टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली टीम बनी जिसने एक मैच में पांच शतक लगाने के बावजूद हार का सामना किया। खासकर स्लिप कॉर्डन में कैच छूटने की घटनाएं टीम के हार की वजह बनीं।
गिल ने कहा, “यह सच है कि स्लिप में हमारी फील्डिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। गेंद इंग्लैंड में विकेट के पीछे स्विंग करती है, जिससे कैच पकड़ना मुश्किल हो जाता है। लेकिन हमने इस पर काम किया है और अभ्यास में काफी समय लगाया है। उम्मीद है कि दूसरे टेस्ट में हम गलतियां नहीं दोहराएंगे।”



