RAVI SHANKAR, BJP

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला: गांधी परिवार कानून से ऊपर नहीं

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद देश की राजनीति में हलचल मच गई है। कांग्रेस इस मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए कहा है कि गांधी परिवार ने अवैध रूप से हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जा किया है और वे देश के कानून से ऊपर नहीं हैं।

भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस प्रदर्शन कर सकती है, लेकिन उसे जमीन और धन की लूट की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक राजनीतिक दल होने के बावजूद पार्टी फंड को निजी संस्था को दिया, जो नियमों के खिलाफ है।

प्रसाद ने कहा कि नेशनल हेराल्ड, जो 1937 में शुरू हुआ था, कभी भी नेहरू परिवार की निजी संपत्ति नहीं थी। 2008 में जब इसका प्रकाशन बंद हो गया, तब कांग्रेस ने इसे फिर से शुरू करने वाली कंपनी को 90 करोड़ रुपये का कर्ज दिया। बाद में यह कर्ज सिर्फ 50 लाख रुपये में ‘यंग इंडियन’ नाम की एक नई कंपनी को ट्रांसफर कर दिया गया, जिसमें राहुल और सोनिया गांधी की बड़ी हिस्सेदारी थी।

भाजपा का आरोप है कि इस सौदे के जरिए गांधी परिवार ने करीब 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जा कर लिया, जबकि यह सब राजनीतिक दलों के लिए तय कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करता है। प्रसाद ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी अभी जमानत पर हैं और उन्होंने जांच को रोकने के कई प्रयास किए हैं।

गौरतलब है कि इस पूरे मामले की शुरुआत नवंबर 2012 में भाजपा नेता डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी की एक याचिका से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेताओं ने धोखाधड़ी के जरिए एजेएल (नेशनल हेराल्ड के प्रकाशक) का अधिग्रहण किया।

प्रसाद ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि गांधी परिवार कानून से ऊपर नहीं है और ऐसे विरोध प्रदर्शन उन्हें बचा नहीं सकते।

नासिक: अवैध दरगाह पर प्रशासन की कार्रवाई, पथराव में 31 पुलिसकर्मी घायल, 15 लोग गिरफ्तार

शिवराज चौहान ने ब्राजील के कृषि व्यापार प्रतिनिधियों से की महत्वपूर्ण चर्चा