ढाका। बांग्लादेश के चटगांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब एक तेज़ रफ्तार ट्रेन ने कर्णफुली नदी पर बने कलुरघाट पुल पर सीएनजी ऑटो-रिक्शा समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे कॉक्स बाजार से ढाका जा रही ट्रेन जब पुल पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ऑटो-रिक्शा से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इसके बाद ट्रेन ने पुल पर मौजूद अन्य वाहनों—जिनमें मोटरसाइकिलें भी शामिल थीं—को भी अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों में ऑटो-रिक्शा चालक तुषार की पहचान हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रेनों के साथ-साथ सड़क यातायात भी ठप हो गया।
कलुरघाट फायर स्टेशन के फायर फाइटर अमीनुल इस्लाम ने बताया कि उन्हें रात करीब 10:45 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि रात 12:30 बजे एक शव ट्रेन के पहियों के नीचे से निकाला गया, और रेस्क्यू ऑपरेशन रात एक बजे तक जारी रहा।
यह भयावह हादसा स्थानीय प्रशासन और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।



