रायपुर: बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर पंडित नीलकंठ त्रिपाठी द्वारा उनके खिलाफ ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के कारण कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। रायपुर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 196 और 302 के तहत इस मामले की जांच शुरू कर दी है, जैसा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ एक टिप्पणी की, जिसके बाद हिंदू समाज से जुड़े कुछ संगठनों ने कोतवाली थाने में ज्ञापन सौंपा। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की।
गौरतलब है कि अनुराग कश्यप की बहुचर्चित फिल्म ‘फुले’, जो समाज सुधारक जोड़ी ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है, 11 अप्रैल को रिलीज़ होने वाली थी। लेकिन फिल्म पर जातिवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगे और सेंसर बोर्ड ने इसमें कई बदलाव किए, जिसके कारण फिल्म की रिलीज़ को टालना पड़ा। इसके बाद गुस्से में आकर अनुराग ने केंद्र सरकार, ब्राह्मण समुदाय और सेंसर बोर्ड के खिलाफ एक विवादास्पद पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। यही टिप्पणी अब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का कारण बनी है।
इस बीच, अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर उन्होंने लिखा, “मैं गुस्से में आकर किसी की घटिया टिप्पणी का जवाब देते हुए अपनी मर्यादा भूल गया और पूरे ब्राह्मण समाज को गलत बोल दिया। यह वही समाज है, जिसके कई लोग मेरे जीवन में अहम भूमिका निभा चुके हैं। अब वे मुझसे आहत हैं, मेरे परिवार और मेरे करीबी सहयोगी भी। मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “अब मैं काम करूंगा कि भविष्य में अपने गुस्से पर काबू रखूं और जब भी कोई मुद्दा उठाना हो, तो सही शब्दों का इस्तेमाल करूं।”
वहीं, इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



