प्रधानमंत्री मोदी से मिले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हरियाणा में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर चर्चा हुई।

करीब आधा घंटे तक चली बैठक में राज्य और केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा के आधारभूत विकास और भविष्य की परियोजनाओं की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य के सतत विकास और “विकसित भारत 2047” में हरियाणा की भागीदारी पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा में आगामी निकाय चुनावों को लेकर भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया और उनकी महत्वपूर्ण सलाह और मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को और अधिक विकसित बनाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से लगातार कार्य किया जाएगा।

सैनी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की अभूतपूर्व जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि अब दिल्लीवासियों को भी केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर चलने से दिल्ली में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री सैनी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी शिष्टाचार मुलाकात की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सरदार सरोवर बांध और जंगल सफारी पार्क का किया दौरा

सूरत की टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग, 500 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका