प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान, कहा- यह 140 करोड़ भारतीयों का गौरव

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से नवाजा गया। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स ने यह सम्मान उन्हें भारत और साइप्रस के बीच मजबूत होते ऐतिहासिक रिश्तों और साझी वैश्विक दृष्टिकोण के प्रतीक के रूप में प्रदान किया।

इस खास पल को साझा करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि यह सम्मान भारत-साइप्रस की मित्रता, सहयोग और साझा भविष्य के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भावुक शब्दों में इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया और साइप्रस की सरकार व जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान भारत की उस सार्वभौमिक सोच ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ को मिली मान्यता है, जो पूरी दुनिया को एक परिवार मानकर शांति और समृद्धि के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती है।”

प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत-साइप्रस संबंधों को और गहरा, मजबूत और बहुआयामी बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि यह पुरस्कार शांति, संप्रभुता और विकास के लिए दोनों देशों की साझा निष्ठा का प्रतीक है।

इस ऐतिहासिक सम्मान के साथ भारत ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी सोच और सहयोग की संस्कृति को मजबूती से स्थापित किया है।

विजय रूपाणी को अंतिम विदाई: राजकीय सम्मान के साथ परिवार को सौंपा गया पार्थिव शरीर, राजकोट में निकलेगी अंतिम यात्रा

24 देशों की सेनाएं मंगोलिया में कर रहीं UN शांति मिशन का अभूतपूर्व अभ्यास, भारत की दमदार भागीदारी