प्रधानमंत्री मोदी को श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘मित्र विभूषण’ प्रदान किया गया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शनिवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘मित्र विभूषण’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के प्रतीक चिह्नों में धर्म चक्र को शामिल किया गया है, जो भारत और श्रीलंका की साझा बौद्ध विरासत और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है। इसके साथ ही चावल से सजे कलश को समृद्धि और नवीनीकरण का प्रतीक माना गया है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह इस पुरस्कार को पाकर अत्यंत गर्वित हैं। उन्होंने इसे केवल अपना नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीय नागरिकों का सम्मान बताया। मोदी ने श्रीलंका को भारत का सिर्फ पड़ोसी ही नहीं, बल्कि एक पारंपरिक और विश्वसनीय मित्र बताया और कहा कि भारत हर संकट की घड़ी में श्रीलंका के साथ खड़ा रहा है और आगे भी खड़ा रहेगा।

इस मौके पर राष्ट्रपति दिसानायके ने प्रधानमंत्री मोदी की संकट के समय श्रीलंका की मदद करने और उनके निरंतर समर्थन के लिए सराहना की। साथ ही उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि श्रीलंका अपनी भूमि का उपयोग किसी ऐसे उद्देश्य के लिए नहीं होने देगा जिससे भारत की सुरक्षा को खतरा पहुंचे।

दारुल उलूम का वक्फ संशोधन विधेयक पर विरोध, कहा—धार्मिक मामलों में सरकार का दखल अस्वीकार्य

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर पंडुम महोत्सव में भाग लेने के लिए दंतेवाड़ा पहुंचे