नई दिल्ली। मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल ने बुधवार को राजधानी पोर्ट लुइस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ़ द इंडियन ओशन’ से सम्मानित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 21वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। उन्होंने इस सम्मान को विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करते हुए इसे उन पूर्वजों और पीढ़ियों को समर्पित किया, जो सदियों पहले भारत से मॉरीशस पहुंचे थे।
राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान सम्मान प्राप्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आभार व्यक्त किया और कहा कि यह केवल उनका नहीं, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने इसे भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक बताया और आश्वस्त किया कि भारत-मॉरीशस की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
इससे पहले, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम ने एक सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी इसके वास्तविक अधिकारी हैं। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत सरकार की ओर से राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल और उनकी पत्नी मीना को ‘ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया’ (OCI) कार्ड प्रदान किया, जो भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारत आने-जाने में विशेष वीजा सुविधा प्रदान करता है।