BADRINATH, CHAAR DHAM

प्रधानमंत्री मोदी के नाम से बदरीनाथ धाम में पहली महाअभिषेक पूजा

देहरादून/बदरीनाथ: देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार सुबह 6 बजे मंगलमयी धुनों के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। खास बात यह रही कि इस बार भगवान बदरी विशाल की पहली महाअभिषेक पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के नाम से पूजा अर्चना कर देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस पावन मौके पर धाम पहुंचे हजारों तीर्थयात्रियों का स्वागत किया और व्यवस्थाओं का हाल जाना। उन्होंने लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित सभी प्रमुख मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की। बताया गया कि कपाट खुलने के ऐतिहासिक मौके पर देश-दुनिया से करीब 15 हजार श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। मैं सभी भक्तों से अपील करता हूं कि चारधाम यात्रा को हरित और स्वच्छ बनाने में सहयोग दें।”

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्री सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी की और गोविंदघाट में अलकनंदा नदी पर बन रहे पुल का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, विधायक लखपत बुट्टोला, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, ऋषि प्रसाद सती, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल और धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

BADRINATH, CHAAR DHAM

श्रीबदरीनाथ धाम के कपाट खुले, पुष्पवर्षा से महका वातावरण, 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बने साक्षी

ECI, ELECTION

चुनाव आयोग ला रहा है ‘ECINET’: 40 से ज्यादा ऐप एक जगह, वोटर्स को मिलेगी सभी सुविधाएं एक क्लिक पर