नई दिल्ली| पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। एम्स ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की। बताया गया है कि तबीयत बिगड़ने के कारण गुरुवार शाम उन्हें एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद कांग्रेस ने अपनी सभी रैलियां और बैठकें रद्द कर दी हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा एम्स पहुंच चुकी हैं, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस बीच, एम्स की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
एम्स ने अपने बयान में कहा, “गहरे दुख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की सूचना दे रहे हैं। 92 वर्षीय डॉ. सिंह उम्र से संबंधित बीमारियों से ग्रस्त थे। 26 दिसंबर 2024 को अचानक घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे एम्स, नई दिल्ली के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद, उन्हें होश में नहीं लाया जा सका और रात 9:51 बजे उनका निधन हो गया।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “भारत ने अपने सबसे सम्मानित नेताओं में से एक, डॉ. मनमोहन सिंह जी को खो दिया है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं और देश की आर्थिक नीतियों पर अमिट छाप छोड़ी।
प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए उन्होंने असाधारण प्रयास किए। जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री, तब हमारे बीच शासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा होती थी। उनकी विनम्रता और बुद्धिमत्ता हमेशा प्रेरणा देती थी। इस कठिन समय में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और सभी प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।”