वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के वाणिज्य विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने मार्शल अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के छठे संस्करण (29 अप्रैल से 6 मई 2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेलवे टीम के लिए स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट चंडीगढ़ के रघबीर सिंह भोला हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें 12 टीमों ने भाग लिया, जिनमें दो विदेशी वायुसेना हॉकी टीमें भी शामिल थीं।
फाइनल मुकाबले में भारतीय रेलवे टीम ने रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला को टाई ब्रेकर में 3-1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत में अतुलदीप को “मैन ऑफ द मैच” का खिताब मिला, जबकि उनके साथी अमृतपाल सिंह को “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” का सम्मान मिला। विजेता टीम को 3 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 2 लाख रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी से नवाजा गया। वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर मार्शल पी. के. घोष ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर पुरस्कार वितरण किए और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
यह टूर्नामेंट भारतीय वायुसेना के महानायक मार्शल अर्जन सिंह की स्मृति में आयोजित किया जाता है, जो हॉकी के प्रति अपने जुनून के लिए प्रसिद्ध थे। उन्होंने हमेशा भारतीय वायुसेना के जवानों को प्रेरित किया, चाहे वह युद्ध का मैदान हो या खेल का। अतुलदीप ने पिछले नौ वर्षों से भारतीय रेलवे और उत्तर प्रदेश की हॉकी टीम में अपनी अहम भूमिका निभाई है और उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के लिए लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस शानदार जीत ने न केवल पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल का बल्कि समूचे उत्तर प्रदेश का भी मान बढ़ाया है।



