रांची। राजधानी रांची में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बहुप्रतीक्षित बैठक को अचानक स्थगित कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना सभी संबंधित राज्यों को भेज दी है, जिससे अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रांची दौरा भी रद्द हो गया है। इस खबर की पुष्टि राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी की है।
गृह मंत्री अमित शाह का 9 मई को रांची पहुंचने और 10 मई को होने वाली बैठक में हिस्सा लेने का कार्यक्रम तय था। इस बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शामिल होने वाले थे। सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात को देखते हुए बैठक को टालने का निर्णय लिया गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अगली तारीख कब घोषित की जाएगी।