जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर इन दिनों फिर से पाकिस्तान की नापाक हरकतों से जूझ रहा है। ऐसे हालात में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज पुंछ पहुंचेंगे, जहां वे सीमा पार गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मिलकर उनका दर्द साझा करेंगे। शाह सुबह करीब 11 बजे पुंछ पहुंचेंगे और सबसे पहले सिंह सभा गुरुद्वारा जाएंगे, जो हालिया गोलीबारी में प्रभावित हुआ था। इसके बाद वे डाक बंगला में पीड़ित परिवारों से मिलेंगे और पाकिस्तान की फायरिंग में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिजनों को संभवतः नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।
गृहमंत्री यहां बीएसएफ के टैक्टिकल मुख्यालय में जवानों से भी बातचीत करेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे। सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों के साथ शाह की यह मुलाकात सुरक्षा के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाती है।
इससे पहले गुरुवार देर रात शाह दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे। जम्मू के तकनीकी हवाई अड्डे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद अमित शाह ने राजभवन में आयोजित एकीकृत मुख्यालय की अहम बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में उन्होंने जम्मू-कश्मीर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा की। खासतौर पर आगामी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों और सीमा पर तनावपूर्ण हालात पर चर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षाबलों की तैनाती मजबूत की जाए, सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़े और इंटेलिजेंस इनपुट्स का तुरंत आदान-प्रदान हो। सीमापार से घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने पर खास जोर दिया गया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, बीएसएफ डीजी दलजीत चौधरी, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



