मुंबई: बॉलीवुड के चर्चित कपल आदित्य पंचोली और जरीना वहाब के रिश्ते को लेकर लंबे समय से अफवाहें आती रही हैं। आदित्य पंचोली पर कई बार एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की खबरें रही हैं, जिनमें पूजा बेदी, कंगना रनोट जैसे नाम भी जुड़े। लेकिन 38 साल की शादी के बाद अब जरीना वहाब ने पहली बार खुलकर इस मामले में अपनी बात रखी है।
जरीना ने एक इंटरव्यू में बताया कि शुरू-शुरू में अफेयर्स की अफवाहें सुनकर उन्हें बुरा तो लगता था, लेकिन उन्होंने कभी इस बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। उनका मानना था कि अगर आदित्य घर में एक अच्छे पति और पिता हैं, तो बाहर की बातों से फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, “अगर वो अपने अफेयर घर लाते, तभी मुझे तकलीफ होती।”
जरीना ने आगे कहा, “मैं खुद से प्यार करती हूं, इसलिए तकलीफ सहना मेरी मजबूरी नहीं थी। लोग मुझ पर तरस खाते थे कि मैं दुखी हूं, लेकिन मैंने कभी भी दूसरों की बातों को दिल पर नहीं लिया क्योंकि मुझे भरोसा था कि आदित्य किसी के साथ सीरियस नहीं होंगे। वह मुझसे बहुत प्यार करते हैं।”
बता दें कि आदित्य पंचोली और जरीना वहाब की मुलाकात पहली बार 1986 में एक फिल्म के सेट पर हुई थी। कुछ ही हफ्तों में दोनों ने शादी कर ली थी। आज ये जोड़ी अपने दो बच्चों सूरज और सना पंचोली के साथ परिवार की खुशियां बांट रही है।
जरीना का यह खुलासा उनके रिश्ते की मजबूती और उनके आत्मविश्वास का परिचायक है, जो इस रिश्ते को आए तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद कायम रखता है।



